आईजीआरएस निस्तारण में आजमगढ़ प्रदेश में प्रथम, सरायमीर कोतवाली प्रभारी सम्मानित




संवाददाता मोहम्मद यासिर सरायमीर 

आजमगढ़ सरायमीर जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आजमगढ़ जनपद ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। अगस्त 2026 में प्राप्त शिकायतों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किए जाने पर जनपद को मासिक मूल्यांकन रैंकिंग में यह उपलब्धि प्राप्त हुई है।

इस उपलब्धि में सरायमीर कोतवाली की भूमिका भी सराहनीय रही। शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सरायमीर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उनके कार्यों की सराहना करते हुए बेहतर पुलिसिंग और जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए किए गए प्रयासों को प्रोत्साहित किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों के कार्यों की समय-समय पर समीक्षा करते हुए अच्छा प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने की परंपरा को भी आगे बढ़ाया है। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ जनता की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतों का प्रभावी निस्तारण पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post