एक दिन की डीएम खुशी सिंह की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, खरियानी में अपंजीकृत डेंटल क्लिनिक सील




संवाददाता रामजीत कुमार 

आजमगढ़। मिशन शक्ति अभियान के तहत एक दिन की जिलाधिकारी बनीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा खुशी सिंह की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खरियानी बाजार में संचालित एक अपंजीकृत डेंटल क्लिनिक को सील कर दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के निर्देश पर शुक्रवार को पहुंची टीम ने मौके पर जांच की और पंजीकरण नहीं मिलने पर क्लिनिक को बंद करा दिया।
जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट स्थित जनता दर्शन कक्ष में जनसमस्याएं सुनने के दौरान खरियानी निवासी शिवकुमार मौर्य ने क्षेत्र में कथित अवैध क्लीनिक संचालित होने की शिकायत की थी। इस दौरान एक दिन की जिलाधिकारी खुशी सिंह ने शिकायत को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय भेजते हुए जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नोडल अधिकारी डॉ. मोहनलाल तथा पटल सहायक धीरेन्द्र शुक्ल की टीम को जांच के लिए खरियानी बाजार भेजा। निरीक्षण के दौरान भवन के एक हिस्से में आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार की व्यवस्था पंजीकृत पाई गई, जिसे मानकों के अनुरूप होने के कारण संचालित रहने दिया गया। वहीं, भवन के अंदरूनी हिस्से में ‘दांत का अस्पताल’ नाम से डेंटल क्लिनिक संचालित मिला। वहां बीडीएस (BDS) का बोर्ड लगा था, लेकिन चिकित्सा प्रतिष्ठान का आवश्यक पंजीकरण नहीं पाया गया। जांच के समय क्लिनिक में कोई मरीज मौजूद नहीं था।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के बाद अपंजीकृत डेंटल क्लिनिक को सील कर दिया। सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा ने स्पष्ट किया कि जनपद में संचालित सभी निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के लिए निर्धारित पंजीकरण और वैधानिक प्रावधानों का पालन अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post