संवाददाता मोहम्मद यासिर सरायमीर
आजमगढ़ थाना सरायमीर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अंतरराष्ट्रीय कॉलिंग के जरिए टेलीकॉम राजस्व में धोखाधड़ी करने के आरोप में दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4,690 रुपये नकद, 16 मोबाइल फोन, एक डेल कंपनी का लैपटॉप और तीन खुले सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संजरपुर बाजार से करीब 200 मीटर आगे पोखरे के पास दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान मो. ताबिश (41) निवासी खुदादादपुर, थाना निजामाबाद और सलीम अहमद (28) निवासी खरेवां, थाना सरायमीर के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी जीशान निवासी महाजनी टोला, सरायमीर के साथ मिलकर International Premium Rate Numbers (IPRN) पर VoIP के जरिए अंतरराष्ट्रीय कॉल करने और कराने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक कॉल को विभिन्न टोल-फ्री नंबरों से जोड़कर अधिक समय तक सक्रिय रखा जाता था, जिससे प्रति मिनट राजस्व उत्पन्न होता और आरोपियों को कमीशन मिलता था।
पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल और लैपटॉप में BESTIPRN.COM और ESSARTELECOM.NET से संबंधित लॉगिन आईडी व पासवर्ड मिले हैं। आरोपियों द्वारा USDT/क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से लेनदेन किए जाने की बात भी सामने आई है। मामले में मु0अ0सं0 247/2026 के तहत BNS की धाराओं 318(4), 319, 111, 317(2) तथा 66C/66D आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment