IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे से यूपी की नौकरशाही में हलचल, पति भी छोड़ चुके हैं सरकारी सेवा




लखनऊ उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद चर्चाओं का दौर जारी है। सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट में दिव्या मित्तल ने इस्तीफा देने के पीछे की वजह का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है। ऐसे में उनके इस्तीफे को लेकर अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
दिव्या मित्तल के पति गगनदीप सिंह ढिल्लों भी सिविल सर्विस की नौकरी छोड़ चुके हैं। 2011 बैच के इंडियन ट्रेड सर्विस (ITS) अधिकारी रहे गगनदीप सिंह ने वर्ष 2022 में इस्तीफा दिया था। उस समय वह केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में संयुक्त महानिदेशक के पद पर कार्यरत थे। इस्तीफे के बाद वह निजी क्षेत्र में काम कर रहे हैं और Neuracap कंपनी में ट्रेडर के तौर पर कार्यरत बताए जाते हैं।
लंदन की नौकरी छोड़कर UPSC की राह चुनी
दिव्या मित्तल और गगनदीप सिंह ढिल्लों की कहानी भी काफी दिलचस्प रही है। दोनों विदेश में अच्छी नौकरी कर रहे थे। हरियाणा की रहने वाली दिव्या मित्तल लंदन में जेपी मॉर्गन में काम करती थीं, जबकि पंजाब मूल के गगनदीप सिंह ढिल्लों सिटीग्रुप से जुड़े थे। दोनों ने विदेश में नौकरी छोड़कर भारत लौटने और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी करने का फैसला किया।
गगनदीप सिंह ने पहले ही प्रयास में UPSC परीक्षा पास की थी। वहीं दिव्या मित्तल ने भी सिविल सेवा में अपनी अलग पहचान बनाई और उत्तर प्रदेश कैडर की तेजतर्रार अधिकारियों में उनका नाम लिया जाता रहा।
अब दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद एक बार फिर उनके करियर और फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, इस्तीफे की वास्तविक वजह क्या है, इस पर दिव्या मित्तल की ओर से कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। इसलिए सोशल मीडिया पर चल रहे विभिन्न दावों की स्वतंत्र पुष्टि के बिना उन्हें तथ्य मानना उचित नहीं होगा।

मिडिया रिपोर्ट एम एस जाविर

Post a Comment

Previous Post Next Post