पवई नहर में डूबने से अधेड़ की मौत, 800 मीटर दूर मिला शवभैंस चराने के लिए सोमवार सुबह घर से निकले थे राम जोखन, मंगलवार को कूड़ा निकासन केंद्र के पास मिला शव




संवाददाता सरफराज अहमद

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र में नहर में डूबने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान राम जोखन (55) पुत्र बंसीराम निवासी पूरा नर्सिंग के रूप में हुई है। मंगलवार को उनका शव घर से करीब 800 मीटर दूर नहर के कूड़ा निकासन केंद्र, कोहड़ा के पास बरामद हुआ।
परिजनों के अनुसार राम जोखन सोमवार सुबह करीब सात बजे भैंस चराने के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि वह घर से लगभग 800 मीटर दूर नहर किनारे पहुंचे थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
मंगलवार को ग्रामीणों ने नहर के कूड़ा निकासन केंद्र, कोहड़ा के पास एक शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पवई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। शव की पहचान राम जोखन के रूप में होने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राम जोखन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post