शराब के नशे में बच्चों से भरी स्कूल बस दौड़ा रहा था चालक!करतालपुर तिराहे पर यातायात पुलिस ने पकड़ा, बस सीज और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त; दूसरे वाहन से बच्चों को पहुंचाया गया घर




संवाददाता रामजीत कुमार 

आजमगढ़, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रखकर शराब के नशे में स्कूल बस चलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करतालपुर तिराहे के पास गुरुवार को शराब के नशे में एक चालक बच्चों से भरी स्कूल बस सड़क पर दौड़ाता मिला। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बस को रुकवाया, जिसके बाद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे वाहन से उनके घर भेजा गया।
जानकारी के अनुसार स्कूल बस संख्या UP50ET4703 का चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। सूचना मिलते ही निरीक्षक यातायात पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को हिरासत में ले लिया। बस में सवार छात्र-छात्राओं को तत्काल सुरक्षित उतारा गया। बाद में संबंधित विद्यालय के दूसरे वाहन से सभी बच्चों को उनके घर पहुंचाया गया।

एक गलती और जा सकती थी कई मासूमों की जान!

शराब के नशे में चालक द्वारा बच्चों से भरी बस चलाने की घटना ने स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस को सूचना मिल गई और बस को रोक लिया गया, अन्यथा नशे में वाहन चला रहे चालक की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
ड्रंक एंड ड्राइव में कार्रवाई, लाइसेंस भी निरस्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एआरटीओ आजमगढ़ को बुलाया गया। मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालक के खिलाफ ड्रंक एंड ड्राइव में चालान की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराया गया।
पुलिस ने स्कूल बस को भी सीज कर कंधरापुर थाने के परिसर में निरुद्ध कर दिया।
स्कूल प्रबंधन पर भी गिर सकती है गाज
बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले को लेकर संबंधित शिक्षण संस्थान के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए शिक्षा विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है। अब सवाल यह है कि आखिर स्कूल प्रबंधन ने बस चालक की ड्यूटी लगाने से पहले उसकी स्थिति और सुरक्षा मानकों की जांच क्यों नहीं की?
इस कार्रवाई के बाद स्कूल बस संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। घटना ने साफ कर दिया है कि मासूम बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों में जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। समय रहते हुई पुलिस कार्रवाई ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post