शाहजहांपुर। थाना बंडा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 546 ग्राम फाइन क्वालिटी अफीम, दो मोबाइल फोन, 290 रुपये नकद और एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार 3 सितंबर 2026 को रात्रि गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली। इसके बाद करीब 00:45 बजे टेड़ा पुल से सिकंदरपुर जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तस्लीम पुत्र हाकिम अली, निवासी ग्राम कटईया थाना निगोही और तनिष्क सक्सेना पुत्र रामप्रकाश, निवासी ग्राम हथगांव थाना तिलहर, शाहजहांपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड से कम कीमत पर अफीम खरीदकर हाईवे पर लोगों और ट्रक चालकों को बेचते थे। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना बंडा में मु0अ0सं0 412/2026, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अमर कान्त सिंह कर रहे हैं और दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment