बेलइसा के ‘लेमन बैलेंस’ स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, मचा हड़कंप7 पुरुष मिले मौजूद, 3 महिलाओं को समझा-बुझाकर भेजा गया वापस; सात के खिलाफ विधिक कार्रवाई





आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के बेलइसा सब्जी मंडी के सामने स्थित ‘लेमन बैलेंस’ स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर बुधवार को पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी कर दी। कार्रवाई से स्पा सेंटर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के प्रतिष्ठानों में भी हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में पहुंची टीम में एसडीएम सदर, क्षेत्राधिकारी नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के साथ पर्याप्त पुलिस बल शामिल रहा। टीम ने स्पा सेंटर में पहुंचकर मौके की स्थिति की जांच-पड़ताल की।
छापेमारी के दौरान सेंटर के अंदर 7 पुरुष और 3 महिलाएं मौजूद मिलीं। पुलिस के अनुसार, मौके पर मिली महिलाओं को समझा-बुझाकर वहां से वापस भेज दिया गया। वहीं, मौजूद सात पुरुषों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएस के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई। कार्रवाई के बाद स्पा सेंटरों के संचालकों में भी खलबली मच गई। अधिकारियों ने साफ संकेत दिया है कि संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिलने पर स्पा सेंटरों सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सवाल यह है कि आखिर स्पा सेंटरों की आड़ में क्या चल रहा है? पुलिस की इस कार्रवाई ने बेलइसा क्षेत्र में संचालित ऐसे प्रतिष्ठानों की गतिविधियों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post