शाहजहाँपुर। गर्रा नदी के लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। नदी किनारे के संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ जलभराव रोकने के लिए सुरक्षात्मक इंतजाम किए जा रहे हैं। गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार ने गर्रा से सटे इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। मनफूल कॉलोनी में गर्रा से जुड़े नाले पर आबादी की ओर पानी का बैकफ्लो रोकने के लिए फ्लैप गेट लगाने का काम पूरा कराया गया। स्थानीय पार्षद मनीष गुप्ता की मौजूदगी में लगाए गए इस गेट से नदी का जलस्तर बढ़ने पर नाले के जरिए आबादी में पानी आने की आशंका कम होगी। इसके बाद एडीएम ने अजीजगंज स्थित ककरा पुल पर पहुंचकर गर्रा के जलस्तर का जायजा लिया। उन्होंने जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। शहवेजपुर क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान आबादी की ओर गर्रा का पानी आने की आशंका को देखते हुए कलवर्ट पर मिट्टी डलवाकर उसे बंद करा दिया गया। प्रशासन के मुताबिक जिले की प्रमुख नदियों का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है। गंगा भैसार ढाई घाट पर 142.980 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 143.650 मीटर है। रामगंगा डबरी घाट पर 136.670 मीटर है और खतरे का निशान 137.300 मीटर है। गर्रा अजीजगंज पुल पर 146.750 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 148.800 मीटर है। वहीं खन्नौत लोधीपुल पर 143.500 मीटर है और खतरे का निशान 148.750 मीटर है। बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिले में 65 बाढ़ चौकियां और 54 शरणालय तैयार रखे गए हैं। प्रशासन ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार भास्कर, सहायक अभियंता सतपाल सिंह, लोक निर्माण विभाग के अभियंता, तहसीलदार सदर रिसी दीक्षित समेत राजस्व प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने लोगों से नदी और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की है। बच्चों और बुजुर्गों को नदी तथा जलभराव वाले स्थानों से दूर रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के 05842-462754, 05842-351037 और 05842-351038 नंबरों पर सूचना दी जा सकती है।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment