अंजुमन इस्लामिया प्रथम, अंजुमन कुरैशिया द्वितीय व अंजुमन अलविया तृतीय स्थान परतीन दिवसीय ऐतिहासिक 71वां जश्ने ईद मिलादुन्नबी ﷺ कार्यक्रम सकुशल संपन्न




संवाददाता हाफिज नियमत 

मछलीशहर। स्थानीय नगर में सीरत कमेटी के तत्वावधान में सदर तहसीन मुस्तफा की टीम द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ऐतिहासिक 71वां जश्ने ईद मिलादुन्नबी ﷺ कार्यक्रम रविवार की रात नातिया मुकाबले और पुरस्कार वितरण के साथ सकुशल संपन्न हो गया। सीरत कमेटी द्वारा पिछले 71 वर्षों से लगातार आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर शिरकत की।
कार्यक्रम के पहले दिन राष्ट्रीय एकता सम्मेलन, दूसरे दिन जुलूस-ए-मोहम्मदी ﷺ तथा तीसरे दिन जामा मस्जिद मैदान में धार्मिक बयान और नातिया मुकाबले का आयोजन किया गया। मुंबई, दिल्ली, गुजरात समेत देश के विभिन्न शहरों से आए लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
तीसरे दिन कार्यक्रम का शुभारंभ हाफिज कैफ ने कुरआन पाक की तिलावत और नात-ए-नबी ﷺ से किया। इसके बाद मौलाना अंसार साहब ने अल्लाह की लिल्लाहियत और सीरतुन्नबी ﷺ के विषय पर प्रभावशाली बयान किया।
मौलाना अंसार साहब ने कहा कि हजरत मोहम्मद ﷺ तमाम आलम के लिए रहमत बनकर आए हैं। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को नबी-ए-करीम ﷺ की बताई हुई शिक्षाओं और तरीकों को अपनी जिंदगी में अपनाना चाहिए। यही वास्तविक कामयाबी और निजात का रास्ता है।
इसके बाद पूरी रात 11 अंजुमनों ने नात-ए-नबी ﷺ का शानदार नजराना पेश किया। नातिया कलामों से पूरा शहर गूंज उठा। हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने नातिया मुकाबले का आनंद लिया और अंजुमनों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
नातिया मुकाबले में अंजुमन इस्लामिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंजुमन इस्लामिया ने नेसार जौनपुरी के कलाम पेश किए। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अंजुमन को सीरत कमेटी और ऑटो बैट्री एजेंसी की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अंजुमन कुरैशिया ने द्वितीय तथा अंजुमन अलविया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता अंजुमनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी रात मुस्तैद रही। कार्यक्रम सदर राशिद खान की मौजूदगी में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में हाजी इमरान, फिरोज अंसारी, असजद सिद्दीकी, रईस खान, शकील फरीदी, रेहान मास्टर, नेमतुल्लाह एडवोकेट सहित सीरत कमेटी की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर मौलाना अंसार साहब, हाफिज अफजल, हाफिज खालिद, मोहम्मद अकील अंसारी (इम्प्रेस पर्स, मुंबई), गुलाम रसूल ‘बबलू’ राइन, हाजी इश्तियाक खान, शमशुल इस्लाम, मुस्तफीज खान, आरिफ अंसारी, इफ्तेखार खान, फराज सभासद, इसरार खान, फजल खान, तौसीफ अंसारी, इब्राहिम, अरबाज अंसारी, फैजी खान, नसीम मोटर पार्ट्स, उस्मान अली एडवोकेट, आजम अंसारी समेत हजारों लोग मौजूद रहे।
जलालुद्दीन कुरैशी उर्फ शाहरुख ने अहमदाबाद से पुरस्कार और इनाम भेजे। वहीं पर्स एसोसिएशन मुंबई के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सीरत कमेटी की ओर से संस्था को सम्मानित किया गया। गुड्डू कुरैशी और नजर बैग की ओर से भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में सहयोग करने वाली सजावट कमेटी एवं सीरत कमेटी के सदस्यों और सहयोगियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन मुजाहिद हबीबी ने किया। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post