मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के उपनेता एवं विधायक अमीन पटेल ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान सामने आ रही समस्याओं को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोक्कलिंगम को पत्र भेजकर आवश्यक समाधान और समय-सीमा बढ़ाने की मांग की है।
पत्र में विधायक पटेल ने ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) श्रेणी में शामिल मतदाताओं के मामलों के निपटारे के लिए 31 अक्टूबर 2026 तक तथा Discrepancies और No Mapping से जुड़े मामलों के लिए 30 नवंबर 2026 तक समय बढ़ाने का अनुरोध किया है।
अमीन पटेल के अनुसार, कई मतदाताओं को Form No. 6 और आवश्यक दस्तावेज जमा करने में परेशानी हो रही है। निर्धारित सुनवाई केंद्रों पर संबंधित BLO (Booth Level Officer) की उपलब्धता को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। कई मामलों में BLO के फोन बंद होने अथवा कॉल का जवाब नहीं देने से मतदाताओं को संपर्क करने में कठिनाई हो रही है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि गणेशोत्सव 25 सितंबर 2026 तक जारी रहने के कारण बड़ी संख्या में BLO त्योहार से संबंधित कार्यों में व्यस्त हैं। ऐसे में विधायक पटेल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की मांग की है कि निर्धारित सुनवाई केंद्रों पर BLO की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदाता बिना परेशानी के Form No. 6 और जरूरी दस्तावेज जमा कर सकें।
विधायक अमीन पटेल ने निर्वाचन विभाग से इन समस्याओं का उचित समाधान करने और मतदाताओं को पर्याप्त समय उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment