डॉक्टर ने प्रेम जाल में फंसाकर शादी का भरोसा दिया, युवती से संबंध बनाने का आरोप रिपोर्ट दर्ज विरोध करने पर गाली गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप





खुटार शाहजहांपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने कैहमारिया गांव निवासी डॉक्टर सुफियान पुत्र मोहम्मद आलम के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। युवती का आरोप है कि डॉक्टर ने दवा देने के बहाने उसके घर आते-जाते समय उसे प्रेम जाल में फंसाया और निकाह का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में निकाह से इनकार करने पर विरोध किया तो उसके साथ गाली-गलौज और हाथापाई की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
युवती ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 2 सितंबर की रात करीब 12 बजे डॉक्टर उसके घर पहुंचा। उस समय वह घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान निकाह का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए गए।
युवती के मुताबिक, 12 सितंबर को आरोपी ने उसे अपने घर बुलाया। गांव में किसी के देख लेने की आशंका जताने पर आरोप है कि डॉक्टर मोटरसाइकिल से उसके घर पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया। वहां निकाह की बात करने पर कथित तौर पर बताया गया कि उसके परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हैं।
आरोप है कि युवती ने निकाह के लिए दबाव बनाया तो डॉक्टर ने उसके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज और मारपीट की। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना के बाद युवती ने परिजनों को पूरी जानकारी दी और थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की  रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post