महिला थाने में ड्यूटी के दौरान चली राइफल, महिला सिपाही प्रियंका की मौत





कौशांबी। महिला थाने में मंगलवार सुबह ड्यूटी के दौरान 26 वर्षीय महिला सिपाही प्रियंका की राइफल से गोली चलने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रियंका थाने के कार्यालय के बाहर गेट पर कुर्सी पर बैठने जा रही थी, तभी अचानक राइफल का ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। गोली गले को चीरते हुए जबड़े को फाड़कर निकल गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही थाने में अफरा-तफरी मच गई। साथी पुलिसकर्मी उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। एएसपी अमिता सिंह ने बताया कि प्रियंका कार्यालय के बाहर गेट पर कुर्सी पर बैठी थी। किसी काम से वह उठकर गई थी और करीब दो मिनट बाद वापस लौटी। शुरुआती जांच के अनुसार, जैसे ही वह कुर्सी पर बैठने लगी, उसी दौरान अचानक राइफल से गोली चल गई। साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो प्रियंका गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली और उसके दाहिने हाथ में राइफल थी। सिपाही के कमरे की तलाशी लेने पर फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और राइफल को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। घटनास्थल को सील कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। साथी पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना की जांच सीओ सदर सौरभ सामंत के नेतृत्व में गठित टीम कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वजह स्पष्ट हो सकेगी। प्रियंका मूलरूप से गाजीपुर के दूल्हापुर क्षेत्र के सिखरी गांव की रहने वाली थी। उसके पिता रवींद्रनाथ यादव सेना से करीब डेढ़ वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए हैं और वर्तमान में बिल्डिंग मटीरियल की दुकान चलाते हैं। प्रियंका ने मथुरा से बीएससी की पढ़ाई की थी और करीब तीन महीने पहले ही पुलिस ट्रेनिंग पूरी की थी। उसकी पहली पोस्टिंग कौशांबी महिला थाने में हुई थी। जून के अंतिम सप्ताह में उसने महिला थाने में कार्यभार ग्रहण किया था। परिवार में मां प्रमिला देवी के अलावा एक छोटी बहन और भाई सूरज है। प्रियंका तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। छोटी बहन नोएडा से बीकाम और भाई शहर के कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रहा है। बेटी की मौत की खबर मिलते ही मां प्रमिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग कौशांबी के लिए रवाना हो गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post