संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़। देवगांव थाना क्षेत्र में 100 शैय्या चिकित्सालय, लालगंज परिसर से लापता हुई पांच वर्षीय बच्ची को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर को कोटा बुजुर्ग निवासी बबलू यादव अपनी पत्नी और करीब पांच वर्षीय पुत्री के साथ उपचार के लिए 100 शैय्या चिकित्सालय, लालगंज पहुंचे थे। इसी दौरान बच्ची अचानक चिकित्सालय परिसर से कहीं चली गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देवगांव सुनील कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और चिकित्सालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कटघर क्षेत्र से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
Post a Comment