दुष्कर्म केस में रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल, दरोगा निलंबित, सिपाही लाइन हाजिर






शाहजहांपुर। दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी पक्ष से कथित तौर पर रिश्वत मांगने और रुपये न देने पर मुकदमे में जेल भेजने की धमकी देने का ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई। शिकायत के बाद कराई गई प्राथमिक जांच में मामला गंभीर पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने पुवायां के कस्बा इंचार्ज दरोगा महेंद्र प्रताप सिंह को देर रात तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं, संबंधित सिपाही सुमित को लाइन हाजिर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित ऑडियो में दुष्कर्म के मामले से जुड़े आरोपी पक्ष से कथित तौर पर रुपये की मांग किए जाने की बात सामने आ रही है। आरोप है कि रुपये न देने पर मुकदमे में जेल भेजने की धमकी भी दी गई। ऑडियो वायरल होने के बाद मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों तक पहुंची। अधिकारियों के निर्देश पर प्राथमिक जांच कराई गई। जांच में प्रथमदृष्टया मामला गंभीर पाए जाने पर एसपी ने दरोगा महेंद्र प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया, जबकि सिपाही सुमित को लाइन हाजिर कर दिया गया। पुलिस विभाग की ओर से मामले की विभागीय जांच भी कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post