हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र में NH 731 पर बदमाशों ने शाहजहांपुर से लखनऊ जा रहे एक व्यक्ति की कार को ओवरटेक कर रोक लिया और कार का शीशा तोड़कर चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब 5 किलो चांदी होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार शाहजहांपुर निवासी हृदयराम सोनी अपने ड्राइवर के साथ वैगनआर कार से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान शाहाबाद क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास एक स्विफ्ट कार सवार चार युवकों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अशोक कुमार मीणा सहित पुलिस के उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर शाहाबाद थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment