संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़, 28 सितंबर। जनपद में पुलिस विभाग के भीतर लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सख्त कार्रवाई की है। पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता एवं अकर्मण्यता पाए जाने पर थाना रानी की सराय के प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय, उप निरीक्षक गिरीश तिवारी, उप निरीक्षक हैदर अली मंसूरी तथा थाना निजामाबाद में तैनात आरक्षी वैभव पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। चारों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना निजामाबाद में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 06/2026, धारा 123 एवं 351(2) बीएनएस से संबंधित प्रकरण में शिकायत के निस्तारण और अभियुक्त के संबंध में आवश्यक कार्रवाई में लापरवाही का मामला सामने आया था। अभियुक्त के जमानत पर रिहा होने के बाद उसका आवश्यक सत्यापन कर संबंधित सूचना यक्ष ऐप पर अपलोड किया जाना था, लेकिन निर्धारित प्रक्रिया का समय से पालन नहीं किया गया।
आरोप है कि जमानत पर बाहर आने के बाद अभियुक्त ने शिकायतकर्ता को धमकी दी तथा फर्जी आईडी बनाकर फोटो और वीडियो वायरल किए। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद प्रकरण की समीक्षा की गई, जिसमें अभियुक्त के सत्यापन और आवश्यक सूचनाएं दर्ज करने में संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारी की लापरवाही सामने आई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करना होगा।
उन्होंने विशेष रूप से जमानत पर रिहा अभियुक्तों के सत्यापन, उनकी निगरानी
तथा संबंधित अभिलेखों और ऐप पर आवश्यक सूचनाएं समयबद्ध तरीके से दर्ज करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने चेतावनी दी कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही, उदासीनता या अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस विभाग में इस कार्रवाई को कर्तव्य के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Post a Comment