तहसील में आवेदन देने पहुंची 70 वर्षीय महिला की अचानक मौत, मचा हड़कंप




आजमगढ़ लालगंज उपजिलाधिकारी को आवेदन देने तहसील पहुंची 70 वर्षीय महिला की सोमवार को अचानक गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी सुमित्रा मौर्या (70) पत्नी स्व. राम प्रसाद मौर्या सोमवार को अपने मकान और जमीन को लेकर उपजिलाधिकारी के यहां प्रार्थना पत्र देने तहसील आई थीं। बताया गया कि वह अधिवक्ता विनोद कुमार सिंह चौहान के साथ एसडीएम कार्यालय की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तहसील की गैलरी में अचानक चक्कर आने से वह जमीन पर गिर पड़ीं।
अधिवक्ता समेत आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन उनका शरीर शिथिल हो चुका था। आनन-फानन में तहसीलदार न्यायिक के वाहन से उन्हें सौ शैया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार एसपी सरोज और तहसीलदार न्यायिक विवेकानंद दुबे अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वहीं सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी रविंद्र नाथ पांडेय भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गए।
बताया गया कि सुमित्रा मौर्या की कोई संतान नहीं थी। उनके पति के भतीजे और बहू उनकी देखभाल करते थे। परिजनों के अनुसार, पट्टीदार श्री राम मौर्या द्वारा मकान और जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत को लेकर वह उपजिलाधिकारी के यहां आवेदन देने आई थीं। इसी दौरान तहसील कार्यालय से कुछ ही दूरी पर गैलरी में उनकी अचानक मौत हो गई।
तहसील परिसर में अचानक हुई इस घटना से अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और फरियादियों में शोक और स्तब्धता का माहौल बना रहा।


संवाददाता जाबिर शेख 

Post a Comment

Previous Post Next Post