जिस बेंच से पत्रकार पर किया था जानलेवा हमला, उसी के साथ आरोपी गिरफ्तार सदर बाजार पुलिस ने अजय जोशी को दबोचा, निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बेंच बरामद






शाहजहांपुर।पत्रकार गोविन्द अवस्थी पर जानलेवा हमले के मामले में सदर बाजार पुलिस ने नामजद आरोपी अजय जोशी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उस बेंच को भी बरामद कर लिया, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर पत्रकार पर हमला करने में किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार,पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश,अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेन्द्र कुमार के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर देवव्रत वाजपेयी के निकट पर्यवेक्षण में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक थाना सदर बाजार के नेतृत्व में पुलिस टीम को यह सफलता मिली।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अभियोग में नामजद अभियुक्त अजय जोशी को उसके घर के पास स्थित मोहल्ला बीबीजई हद्दफ से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बेंच को बरामद कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पत्रकार पर हुए हमले के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त वस्तु की बरामदगी को पुलिस की कार्रवाई में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की  रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post