मुंबई: गंभीर अपराध दर्ज होने के बाद करीब तीन दशक से फरार चल रहे दो आरोपियों को मुंबई पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। मुंबई पुलिस के उत्तर परिमंडल-3 के अंतर्गत समतानगर और डिंडोशी पुलिस थानों की टीमों ने पारंपरिक पुलिस जांच, स्थानीय स्तर पर पूछताछ, गोपनीय जानकारी और तकनीकी साधनों की मदद से दोनों आरोपियों का सुराग लगाया।
समतानगर पुलिस के अनुसार, आरोपी सुकेत शिवसागर विश्वकर्मा (53 वर्ष) के खिलाफ वर्ष 1997 में मामला दर्ज हुआ था। वह करीब 29 वर्षों से फरार था और अदालत द्वारा उसे फरार घोषित किया गया था। पुलिस ने पुराने रिकॉर्ड, संभावित ठिकानों और स्थानीय सूत्रों की जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। आखिरकार 3 सितंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष पेश किया गया।
वहीं डिंडोशी पुलिस ने भी करीब 30 वर्षों से फरार आरोपी मोहम्मद मुस्तफा सय्यद (48 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ डिंडोशी पुलिस थाने में वर्ष 1996 का मामला दर्ज था। पुलिस के मुताबिक अपराध के समय आरोपी नाबालिग था और उसके खिलाफ मुंबई की जुबेनाइल कोर्ट, डोंगरी की ओर से वारंट जारी किया गया था।
डिंडोशी पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए बेहरामपाड़ा, बांद्रा पूर्व क्षेत्र में लगातार चार दिनों तक जांच की। स्थानीय लोगों, दुकानदारों, मदरसा और मस्जिद से जुड़े लोगों से पूछताछ तथा उपलब्ध रिकॉर्ड और मतदाता सूची की जांच के बाद आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई और उसे हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
मुंबई पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस की टीमों ने पुराने मामलों को दोबारा खंगालकर तकनीकी और पारंपरिक जांच पद्धति के समन्वय से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment