संवाददाता मोहम्मद यासिर सरायमीर
आजमगढ़ सरायमीर उप पुलिस अधीक्षक फूलपुर किरन पाल सिंह ने रविवार को थाना सरायमीर का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के लिए थाना परिसर पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उप पुलिस अधीक्षक को गॉड ऑफ ऑनर की सलामी दी। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उप पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, भोजनालय, पुलिसकर्मियों के बैरक एवं शौचालय आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों और कार्यालयीय व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके अलावा माल निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उप पुलिस अधीक्षक ने थाने में रखे शस्त्रों के रख-रखाव एवं उनकी साफ-सफाई की स्थिति देखी तथा शस्त्रों को निर्धारित नियमों के अनुसार सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए उन्होंने महिला फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई एवं पुलिसकर्मियों की मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभिलेखों को अद्यतन रखने, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा शासन एवं पुलिस विभाग के निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन करने के निर्देश दिए।
उप पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें तथा आम जनता की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करें।
Post a Comment