आजमगढ़। बिलरियागंज थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन अंतर्राज्यीय अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 23.411 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है। आरोपियों के पास से दो ट्रॉली बैग और एक वीवो मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 सितंबर को बिलरियागंज पुलिस संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गुलवा गौरी नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर दो ट्रॉली बैग लेकर जा रहे तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजाबाबू सिंह पुत्र दिवाकर सिंह निवासी बलिहार, थाना सिमरी, जनपद बक्सर, बिहार, नेहा पासवान पुत्री स्व. जितेन्द्र पासवान निवासी फतेहपुर, थाना दिलदारनगर, जनपद गाजीपुर तथा पूनम देवी पत्नी प्रिंस कुमार निवासी सोनी इंतवा, थाना राजपुर, जनपद बक्सर, बिहार के रूप में हुई।
पुलिस ने क्षेत्राधिकारी सगड़ी कौस्तुभ त्रिपाठी की मौजूदगी में ट्रॉली बैगों की तलाशी ली। राजाबाबू सिंह के बैग से 12 बंडल और दोनों महिला अभियुक्ताओं के बैग से 11 बंडल बरामद हुए। जांच में सभी बंडलों में गांजा पाया गया, जिसका कुल वजन 23.411 किलोग्राम निकला।
पूछताछ में अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि उन्हें गांजा एक स्थान पर पहुंचाने के लिए दिया गया था और इसके बदले उन्हें रुपये मिलते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी गांजे के संबंध में कोई वैध अधिकार-पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।
मामले में थाना बिलरियागंज में मु0अ0सं0 234/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजाबाबू सिंह के विरुद्ध पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गहमर थाना, गाजीपुर का मामला तथा जीआरपी रांची से संबंधित एनडीपीएस एक्ट का मामला शामिल है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हरिकेश राय, महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा पाण्डेय, कांस्टेबल छट्ठू साहनी, कांस्टेबल सन्तू साहू एवं महिला कांस्टेबल मधुबाला यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। सर्विलांस सेल से मु0आ0 उमेश यादव का सहयोग रहा।
Post a Comment