शाहजहांपुर। मोबाइल फोन गुम या चोरी होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए शाहजहांपुर पुलिस की सर्विलांस सेल ने बड़ी राहत दी है। तकनीकी निगरानी, CEIR पोर्टल और IMEI नंबर की मदद से पुलिस ने 151 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।गुम हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सर्विलांस सेल ने CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की लगातार निगरानी की। मोबाइलों के IMEI नंबर और तकनीकी संसाधनों की मदद से उनकी लोकेशन और इस्तेमाल से जुड़े सुराग जुटाए गए। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 151 मोबाइल बरामद कर लिए।02 सितंबर 2026 को पुलिस लाइन शाहजहांपुर में सर्विलांस सेल और जनपदीय एसओजी टीम ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल हाथ में पाकर शिकायतकर्ताओं के चेहरे खिल उठे। लोगों ने शाहजहांपुर पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल थाने में सूचना देने के साथ CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके जरिए गुम या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक कराया जा सकता है और उसके दोबारा नेटवर्क पर इस्तेमाल होने की स्थिति में पुलिस को उसकी तलाश में मदद मिलती है।पुलिस ने नागरिकों को मोबाइल खरीदते समय उसका IMEI नंबर सुरक्षित रखने और अनजान व्यक्ति से मोबाइल खरीदने से बचने की सलाह भी दी है। पुलिस के मुताबिक तकनीकी संसाधनों के बढ़ते इस्तेमाल से गुम और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी में लगातार मदद मिल रही है।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment