मुकरमपुर में इलाज के बाद 14 वर्षीय बच्चे की मौत, मचा हड़कंपशिक्षामित्र रविंद्र यादव की भूमिका पर उठे सवाल, स्वास्थ्य विभाग ने थमाया नोटिस





शाहजहांपुर। थाना रोजा क्षेत्र के मुकरमपुर में इलाज के बाद करीब 14 वर्षीय बच्चे की मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। बुखार से पीड़ित बच्चे को इलाज के लिए मुकरमपुर स्थित एक क्लीनिक पर ले जाया गया था, जहां उपचार के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बताया गया कि ग्राम जपनापुर निवासी संतोष कुमार के पुत्र अमन कुमार को बुखार आने पर इलाज के लिए मुकरमपुर ले जाया गया था। इलाज के बाद बच्चे की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
मामले में शिक्षामित्र रविंद्र यादव का नाम सामने आने के बाद इलाज और उनकी चिकित्सकीय भूमिका को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, परिजनों के आरोप और रविंद्र यादव की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी जांच का विषय है।
इधर मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. इरफान ने रविंद्र यादव को नोटिस जारी कर संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने और उनका सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। इससे मामले ने स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और अनधिकृत उपचार को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
थाना प्रभारी उमेश कुमार मिश्रा के अनुसार अभी तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पुलिस जांच और स्वास्थ्य विभाग के दस्तावेज सत्यापन पर टिकी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि बच्चे की मौत की असली वजह क्या थी और इलाज के दौरान किसी तरह की लापरवाही अथवा नियमों का उल्लंघन हुआ था या नहीं।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post