गरीब छात्रा की पढ़ाई के लिए डीएम रविन्द्र कुमार की पहल, दिलाया निःशुल्क एमएसटी पासआर्थिक तंगी से जूझ रही मेनका की पढ़ाई नहीं रुकेगी, डीएम की पहल की हो रही सराहना





आजमगढ़। जिम्मेदार पद पर बैठे अधिकारी का संवेदनशील फैसला किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है। आजमगढ़ में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की ऐसी ही मानवीय पहल सामने आई है, जिसकी सराहना की जा रही है।
तहसील बूढ़नपुर के अतरौलिया क्षेत्र के ग्राम खानपुर फतेह निवासी मेनका प्रजापति ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अपनी आर्थिक स्थिति और पढ़ाई में आ रही परेशानियों से अवगत कराया। मेनका ने बताया कि उसके पिता का निधन हो चुका है और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। वह आजमगढ़ शहर में एसएससी परीक्षा की तैयारी कर रही है।
मेनका के अनुसार, उसे प्रतिदिन अतरौलिया स्थित अपने घर से आजमगढ़ शहर आना-जाना पड़ता है, जिसके लिए नियमित रूप से बस किराया देना पड़ता है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार के लिए प्रतिदिन आने-जाने का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में उसे आशंका थी कि आर्थिक परेशानी के चलते उसकी पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।
छात्रा ने जिलाधिकारी से मानवीय आधार पर आजमगढ़ आने-जाने के लिए निःशुल्क एमएसटी पास उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। छात्रा की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने उसकी पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए निःशुल्क एमएसटी पास उपलब्ध कराने की पहल की।
जिलाधिकारी की इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर छात्रा को बड़ी राहत मिली है। प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देने वाले इस कदम की क्षेत्र में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा जारी रखने में इस तरह की पहल प्रेरणादायी साबित हो सकती है।

मीडिया रिपोर्ट  ए.के. सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post