शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के हयातपुरा मोहल्ला निवासी शिक्षिका नैना आनंद की रविवार को जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। वह दून इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षिका थीं। जहरीला पदार्थ खाने के बाद उन्होंने पति मोहित आनंद को फोन कर इसकी जानकारी दी थी। उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार नैना रविवार दोपहर किसी काम से स्कूटी से निकली थीं। कच्चा कटरा मोड़ के पास एक प्रतिष्ठान के निकट वह स्कूटी के पास ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। सूचना पर उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राय भी मौके पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राय के अनुसार नैना ने स्वयं फोन कर पति को बताया था कि उन्होंने कुछ खा लिया है। मायके वालों को भी घटना की जानकारी दी गई। मायके वालों ने पुलिस को बताया कि शनिवार को शिव बरात के चलते नैना मायके गई थीं। उस समय उन्होंने किसी तरह के तनाव की बात नहीं बताई थी।
नैना ने करीब 14 वर्ष पहले मोहित से प्रेम विवाह किया था। उनकी दो बेटियां हैं। पुलिस को स्कूटी से जहरीले पदार्थ का एक पैकेट भी मिला है, जो खुला नहीं था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment