अस्पताल के बगल कचरे का साम्राज्य! लालगंज नगर पंचायत की लापरवाही से बीमारियों का खतरा बढ़ा




संवाददाता जाबिर शेख 

लालगंज (आजमगढ़)। एक ओर सरकार स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर लालगंज नगर पंचायत की लापरवाही इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। नगर के अस्पताल के ठीक पास कचरे का विशाल अंबार लगा हुआ है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है और मरीजों के साथ-साथ उनके तीमारदारों का सांस लेना भी मुश्किल हो गया है।
हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर लोग इलाज कराने आते हैं, वहीं गंदगी और सड़ते कचरे का ढेर संक्रामक बीमारियों को खुला न्योता दे रहा है। बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो गए हैं। कचरे के ढेर पर मंडराते मच्छर, मक्खियां और आवारा पशु संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सफाई नहीं कराई गई तो डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रशासन की होगी।
क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर अस्पताल परिसर के आसपास की सफाई कराने, नियमित कचरा उठाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post