गोंडा जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र के राजापुर परसौरा के भरोसी गांव में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। खेत में मोटर से सिंचाई करने गए एक किसान की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान सुरेन्द्र उपाध्याय (47 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुरेन्द्र बुधवार दोपहर अपने खेत में पानी चलाने गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों को चिंता हुई तो वे उन्हें खोजते हुए खेत पहुंचे, जहां सुरेन्द्र बिजली के तार की चपेट में आकर मृत अवस्था में पड़े मिले।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन शव को घर ले आए और रात करीब 9 बजे मृतक के भाई शिवपूजन उपाध्याय ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मोतीगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष तेजनारायण गुप्ता के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
ग्राम प्रशासक राधेश्याम तिवारी ने बताया कि मृतक के परिवार में दो बच्चे हैं—अनमोल (14 वर्ष) और मन्ना (12 वर्ष)। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्युत सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
रिपोर्ट: पत्रकार अंकित कुमार शर्मा
“सच की आवाज, आपके साथ हर पल…”
Post a Comment