संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़। थाना बरदह क्षेत्र में चोरी की नीयत से घर में घुसी एक 22 वर्षीय महिला ने विरोध करने पर गृहिणी की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को मुस्तफा पुत्र स्वर्गीय मुख्तार निवासी ग्राम करिया गोपालपुर, थाना देवगांव ने थाना बरदह में सूचना दी कि उनकी पुत्री अकबरी की शादी बरदह गांव में हुई थी। अकबरी अपने दो बच्चों के साथ घर पर रहती थीं, जबकि उनके पति ताहिर और बड़ा पुत्र समीर मुंबई में रहते हैं। दोपहर करीब दो बजे पड़ोसी ने परिजनों को अकबरी की मृत्यु की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर अकबरी मृत अवस्था में मिलीं। प्रथम दृष्टया गला रेतकर हत्या किए जाने की बात सामने आई।
मामले में थाना बरदह पर मुकदमा संख्या 289/2026, धारा 103(1)/333 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस को जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस को 22 वर्षीय महिला बबीता पुत्री जय प्रकाश गोंड, निवासी ग्राम बरदह पर संदेह हुआ। पुलिस के मुताबिक, बबीता का मृतका के घर लगातार आना-जाना था। पूछताछ में उसके बयानों में विरोधाभास और संदिग्ध व्यवहार पाए जाने पर गहन पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बबीता ने बताया कि उसे जानकारी थी कि अकबरी बेड के नीचे रुपये रखती थीं। 20 अगस्त को वह चोरी की नीयत से अकबरी के घर पहुंची और रुपये चोरी करने लगी। इसी दौरान अकबरी कमरे में आ गईं और उन्होंने उसे चोरी करते देख लिया। विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई। बाल खींचने के दौरान अकबरी चारपाई के पाये से टकराकर बेहोश हो गईं।
पुलिस का दावा है कि पकड़े जाने के डर से बबीता ने किचन में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अकबरी का गला रेत दिया और मौके से फरार हो गई। बाद में उसने चाकू अपने घर के पास करकट में छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपी बबीता को 22 अगस्त 2026 को शाम करीब 7:15 बजे हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल कमलेश प्रसाद, आरक्षी वेद व्यास तिवारी, आरक्षिका अंकिता सिंह और आरक्षिका बीनू सिंह शामिल रहे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने घर में अकेलेपन का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी। विरोध करने पर उसने जघन्य हत्या कर दी। मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment