जौनपुर बक्सा थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी कथित तौर पर एक फरियादी को अलग बुलाकर बातचीत करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद फरियादी द्वारा जेब से रुपये निकालकर पुलिसकर्मी को दिए जाते हैं। वीडियो में पुलिसकर्मी कथित तौर पर उन रुपयों को अपनी जेब में रखते हुए नजर आ रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि वीडियो में दिखाई दे रही रकम किस वजह से दी गई और पूरा मामला क्या है, इसकी आधिकारिकu पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की ओर से पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और लापरवाही के मामलों को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में वायरल वीडियो ने पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में बक्सा थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने वीडियो में रुपये लेने की बात को अलग तरीके से बताते हुए कहा कि सिपाही मिठाई खाकर पानी पी रहा है। उनके इस बयान के बाद मामला और चर्चा में आ गया वहीं, वीडियो वायरल होने और मामला तूल पकड़ने के बाद क्षेत्राधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं। अब जांच में वीडियो की वास्तविकता, रुपये दिए जाने के कारण और पुलिसकर्मी की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर पुलिस महकमे में हलचल है और लोगों की नजरें जांच रिपोर्ट तथा अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
Post a Comment