आजमगढ़ लालगंज उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ तहसील इकाई लालगंज के पदाधिकारियों ने शनिवार को धरना देकर तहसीलदार उमेश कुमार सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संघ ने अयोध्या जिले की सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षदीप के खिलाफ एंटी करप्शन टीम की ओर से की गई ट्रैप कार्रवाई को फर्जी एवं षडयंत्रपूर्ण बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
तहसील अध्यक्ष नवीन दुबे और तहसील मंत्री राहुल तोमर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि प्रदेश में लेखपालों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संगठन द्वारा कई बार शिकायत की सत्यता और शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि की समुचित जांच किए बिना ट्रैप कार्रवाई की जा रही है। संघ ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में जेब, वाहन अथवा कार्यालय कक्ष में जबरन पैसे रखकर लेखपालों को फंसाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि अयोध्या के सोहावल प्रकरण से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले से प्रदेशभर के लेखपालों में आक्रोश है। ज्ञापन में प्रकरण की पुलिस जांच से अलग स्वतंत्र SIT गठित कर जांच कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि भविष्य में किसी भी ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की अनिवार्य रूप से जांच कराई जाए। यदि कोई ट्रैप फर्जी पाया जाता है तो शिकायतकर्ता और दोषी अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए। साथ ही विजिलेंस टीम के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाने की मांग की गई।
लेखपाल संघ ने चेतावनी दी कि यदि निर्दोष लेखपालों को इसी तरह प्रताड़ित किया जाता रहा तो उनके लिए ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करना कठिन हो जाएगा। संघ के अनुसार प्रदेश की सभी 351 तहसीलों में लेखपालों ने थाना दिवस का बहिष्कार करते हुए कलम-बंद हड़ताल में भाग लिया।
धरने के दौरान सुधीर गुप्ता, रोहित राजौरिया, संजय सिंह, संतोष कुमार, आशीष तिवारी, पूनम चौहान, आशीष भारती, विजय प्रजापति, राजेश सिंह, प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।
Post a Comment