संवाददाता मोहम्मद यासिर
आजमगढ़ सरायमीर, सोशल मीडिया पर डमी पिस्टल के साथ रील बनाकर आमजन में भय और अफवाह का माहौल बनाने वाले युवक को सरायमीर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह कार्रवाई आजमगढ़ परिक्षेत्र के उपमहानिरीक्षक द्वारा संचालित ऑपरेशन वज्रपात के तहत की। आरोपी के कब्जे से एक डमी पिस्टल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक प्रशांत सिंह अपनी टीम के साथ कस्बा सरायमीर में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया। जांच में पता चला कि कस्बा सरायमीर के मोहल्ला ठठेरी बाजार निवासी अभिषेक सोनी पुत्र अनिल कुमार सेठ ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी abhishek_seth_59 से पंजाबी गीत पर एक रील पोस्ट की थी, जिसमें उसने कमर में डमी पिस्टल लगा रखी थी।
पुलिस का कहना है कि वीडियो के वायरल होने से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा था। कई लोगों ने इस पर आपत्ति जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपी की पहचान कर उसे मंगलवार शाम करीब 4:20 बजे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक डमी पिस्टल भी बरामद हुई।
सरायमीर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस ने लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करें। हथियार या हथियार जैसे दिखने वाले सामान के साथ वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करना कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि समाज में शांति और सुरक्षा का वातावरण बना रहे।
Post a Comment