घर के बाहर मिला हैंड ग्रेनेड, मचा हड़कंप; सेवानिवृत्त सैनिक ने उठाकर दरोगा को सौंपा





हरदोई ।  हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के जोधनपुरवा गांव में शुक्रवार सुबह एक घर के बाहर हैंड ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया। गांव निवासी सतीश कुमार के घर के सामने खेत की जमीन पर संदिग्ध हैंड ग्रेनेड पड़ा मिला। सूचना पर डायल-112 की टीम करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंची और उसे कब्जे में लेकर हरपालपुर कोतवाली पहुंचाया। घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को भी दी गई, जिसकी टीम कोतवाली पहुंच गई। वहीं, बम निरोधक दस्ते को सूचना देकर हैंड ग्रेनेड की जांच और उसे नियमानुसार निष्क्रिय कराने की तैयारी की जा रही है। सतीश कुमार के मुताबिक, गुरुवार रात परिवार के लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान घर में पड़ी तिरपाल पर कोई वस्तु गिरने की आवाज हुई। बाद में वह वस्तु जमीन पर गिर गई। सुबह उन्होंने उसे देखा तो ग्रामीणों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी। सतीश का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते सांडी क्षेत्र में रहने वाले उनके रिश्तेदारों ने उनके घर की ओर हैंड ग्रेनेड फेंका है। उन्होंने बताया कि संदिग्ध वस्तु को लकड़ी की मदद से पन्नी में लपेटकर घर से बाहर किया गया था। घटना के दौरान एक सेवानिवृत्त सैनिक द्वारा हैंड ग्रेनेड को उठाकर मौके पर मौजूद उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के पास ले जाने की बात भी सामने आई है। आरोप है कि उस समय उप निरीक्षक के हाथ में हैंड ग्रेनेड होने के बावजूद वह गुटखा खाने में व्यस्त थे। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। हालांकि, इस संबंध में पुलिस अधिकारियों की ओर से जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही गई है।

सीओ हरपालपुर प्रवीण यादव ने बताया कि बम निरोधक दस्ते को सूचना दे दी गई है। टीम हैंड ग्रेनेड की जांच करेगी और नियमानुसार उसे निष्क्रिय कराया जाएगा। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हैंड ग्रेनेड कहां से आया और सतीश के घर के बाहर कैसे पहुंचा। पुरानी रंजिश के आरोपों समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की  रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post