शाहजहांपुर गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र में #नकली एवं मिलावटी #दूध तैयार करने के कथित गोरखधंधे का पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने खुलासा किया है। टीम ने ग्राम कन्हानी नगला देहात माली में एक घर पर छापेमारी कर नकली दूध तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्री बरामद की। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग और थाना गढ़िया रंगीन पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम कन्हानी नगला देहात माली निवासी मुन्नालाल पुत्र रामभरोसे, उम्र करीब 35 वर्ष के घर पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान टीम को रिफा पामोलीन तेल के पांच पैकेट, रिफा सोयाबीन तेल के पांच पैकेट, 13 खाली पैकेट, स्किम्ड मिल्क पाउडर, 25-25 किलोग्राम के चार खाली बोरे, व्हे परमीएट पाउडर का एक खाली बोरा, लॉन्ड्री डिटर्जेंट लिक्विड की दो बोतलें, करीब एक किलोग्राम कास्टिक तथा करीब 600 एमएल अज्ञात रसायन बरामद हुआ।
पुलिस का दावा है कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल नकली एवं मिलावटी दूध तैयार करने में किया जाना पाया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी मुन्नालाल को उसके घर से करीब दोपहर एक बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गढ़िया रंगीन में मु0अ0सं0 99/2026, धारा 223, 274, 275 और 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त विनीत कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मनोज कुमार और सौरभ सोनी सहित थाना गढ़िया रंगीन पुलिस टीम शामिल रही।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment