मोमोज खा रहे युवक को बहला-फुसलाकर ले गए, लाठी-डंडों से पीटा





शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र में मोमोज खा रहे युवक को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर मारपीट करने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का मामला सामने आया है। पावर हाउस इंडस्ट्रीज एरिया निवासी सुमित पुत्र रूपराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 अगस्त की रात करीब नौ बजे वह रोजा अड्डे पर मोमोज खा रहा था। इसी दौरान आदर्शनगर कॉलोनी गली नंबर छह निवासी अर्जुन पुत्र संजीव, मठिया कॉलोनी निवासी रमन गुप्ता पुत्र रामकरन गुप्ता और अमित निवासी मठिया कॉलोनी वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों उसे बहला-फुसलाकर ग्राम बल्लिया स्थित बगिया के पास ले गए। वहां आरोपितों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिससे सुमित को चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित ने अपना चिकित्सीय परीक्षण भी कराया। 25 अगस्त को दी गई तहरीर के आधार पर रोजा थाने में मुकदमा संख्या 0388/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 115(2), 352 और एससी-एसटी अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सदर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज करने के साथ ही घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों और तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार विवेचना साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, पीड़ित के बयान, घटनास्थल के निरीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस का कहना है कि आरोपों की अंतिम पुष्टि विवेचना पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की  रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post