गोंडा में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत





मनकापुर। रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर बाइक से घर लौट रहे दो युवकों के साथ मनकापुर क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जवाहर नवोदय विद्यालय देवरिया के पास निर्माणाधीन पुल की दीवार से अनियंत्रित बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय हरि शरण मिश्रा, निवासी मल्हीपुर चक गौर गांव के रूप में हुई है। वहीं हादसे में मयंक मोहन शुक्ला गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही दतौली चौकी के सिपाही मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से दोनों युवकों को गड्ढे से बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को मनकापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने हरि शरण मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मयंक मोहन शुक्ला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। अंधेरा होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुल की दीवार से टकरा गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।


प्रहारी मुंबई न्यूज यूपी
पत्रकार अंकित कुमार शर्मा

Post a Comment

Previous Post Next Post