गोंडा-अयोध्या हाईवे पर रविवार दोपहर करीब एक बजे वजीरगंज ब्लॉक के सामने दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर की चपेट में आने से बाइक सवार 18 वर्षीय आचार्य छात्र मुकेश पांडेय की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार 14 वर्षीय आदित्य सिंह घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया।
मुकेश पांडेय गोंडा के मोतीगंज थाना क्षेत्र के सोठिया गांव के रहने वाले थे और अयोध्या में संस्कृत की पढ़ाई कर रहे थे। रविवार को वह अपने दोस्त आदित्य सिंह पुत्र कोदू सिंह, निवासी जबलपुर मध्य प्रदेश, के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वजीरगंज ब्लॉक के सामने हादसा हो गया।
मवेशी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई फॉर्च्यूनर
वजीरगंज पुलिस के मुताबिक फॉर्च्यूनर गोंडा से अयोध्या की ओर जा रही थी। ब्लॉक के सामने अचानक सड़क पर मवेशी आ गया। चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन की मवेशी से टक्कर हो गई। इसके बाद एयरबैग खुलने से फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक से जा टकराई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सीएचसी वजीरगंज पहुंचाया। डॉक्टरों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि आदित्य का उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी
वजीरगंज थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है और एक घायल है। फॉर्च्यूनर को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक मुकेश पांडेय पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के सहयोगी आचार्य थे। वह अयोध्या में आचार्य की पढ़ाई करने के साथ ही हनुमानगढ़ी में पुजारी के रूप में भी सेवा करते थे।
प्रहारी मुंबई न्यूज यूपी
पत्रकार—अंकित कुमार शर्मा
Post a Comment