पिकअप-बाइक की टक्कर में दो युवक गंभीर घायल, उपचार के दौरान एक की मौत





संवाददाता मोहम्मद यासिर सरायमीर 

सरायमीर, आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम पिकअप और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल युवक का उपचार चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, फूलपुर थाना क्षेत्र के सहजन गांव निवासी यासीन (22) पुत्र गयासुद्दीन अपने गांव के ही सलमान (20) पुत्र अनीश के साथ बाइक से सरायमीर बाजार में खरीदारी करने आए थे। बताया जा रहा है कि शाम करीब 5:30 बजे दोनों युवक बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे मदरसा बैतूल उलूम के सामने पहुंचे, अचानक बाइक सड़क के गड्ढे में चले जाने से अनियंत्रित हो गई।

बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद यासीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सलमान का उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। यासीन की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
 हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर बने गड्ढों को लेकर भी चिंता जताई है और संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post