शाहजहांपुर कटरा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय अवैध मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 430 ग्राम फाइन क्वालिटी की अवैध अफीम, एक मोबाइल फोन और टाटा नेक्सॉन कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार 21 अगस्त की रात करीब 11:03 बजे हुलास नगला पुल से करीब 20 मीटर आगे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर आकाश पुत्र प्रेमपाल निवासी धर्मपुर बिहारीपुर, थाना बिसौली, जनपद बदायूं को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 430 ग्राम अफीम और स्क्रीन टच मोबाइल बरामद हुआ। इसके अलावा UP24BL6999 नंबर की सलेटी रंग की टाटा नेक्सॉन कार भी पुलिस ने कब्जे में लेकर धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अफीम गोरखपुर से लेकर आया था और इसे बरेली निवासी तस्लीम नाम के व्यक्ति को देने जा रहा था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह अवैध रूप से अफीम की खरीद-फरोख्त कर परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी और साक्ष्य जुटा रही है।
आरोपी के खिलाफ कटरा थाने में मु0अ0सं0 258/2026, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बरेली के भमोरा थाने में भी एनडीपीएस एक्ट का पूर्व मुकदमा दर्ज है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सागर मानव, कांस्टेबल आशीष कुमार और योगेंद्र सिंह शामिल रहे।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment