दिल्ली में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में वाराणसी कचहरी में अधिवक्ताओं का जोरदार प्रदर्शन




वाराणसी। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को वाराणसी कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं ने जिला अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। अधिवक्ताओं का कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग उचित नहीं है और इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने और पुलिस कार्रवाई की जवाबदेही तय करने की मांग की।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

रिपोर्ट : शुभाष शास्त्री, वाराणसी

Post a Comment

Previous Post Next Post