संवाददाता अजय ठाकुर
शाहजहांपुर। शहर के कच्चे कटरा मोड़ के आगे स्थित गुरुनानक हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद एक मरीज की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
परिजनों के अनुसार, मरीज शरीर पर निकले दाने और छालों के उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा था। आरोप है कि चिकित्सक ने इसे संक्रमण (इन्फेक्शन) बताते हुए ऑपरेशन की सलाह दी। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के कुछ ही समय बाद मरीज की हालत गंभीर हो गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मरीज की मौत के वास्तविक कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और चिकित्सीय अभिलेखों की समीक्षा के बाद ही हो सकेगी। समाचार लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
Post a Comment