गोंडा-लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: डेयरी वाहन ने बाइक सवार को पीछे से मारी टक्कर, 54 वर्षीय मुंशी की मौत





गोंडा के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 54 वर्षीय बाइक सवार बबलू पुत्र हरिशंकर की मौत हो गई। हादसा गोंडा-लखनऊ हाईवे पर सिकिहा मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बबलू बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें तत्काल सीएचसी करनैलगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

 ईंट भट्ठे पर मुंशी का काम करते थे बबलू

मृतक बबलू कोंचा कासिमपुर मुरावनपुरवा, थाना करनैलगंज के रहने वाले थे। परिजनों के मुताबिक वह सोनवारा स्थित एक ईंट भट्ठे पर मुंशी का काम करते थे और बाइक से अपनी ड्यूटी के लिए करनैलगंज जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।

 टक्कर मारकर वाहन समेत चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर मारने वाला वाहन चौरी के पास स्थित एक दूध डेयरी से जुड़ा बताया जा रहा है। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

 CCTV खंगाल रही पुलिस

करनैलगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
अचानक हुए इस हादसे से मृतक के परिवार में मातम पसरा है।


पत्रकार अंकित कुमार शर्मा

Post a Comment

Previous Post Next Post