संवाददाता हाफिज नियामत
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चोरसंड में संचालित शाहीना अस्पताल को स्वास्थ्य विभाग ने अनियमितताओं के चलते सील कर दिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, गौराबादशाहपुर निवासी नसीम अहमद ने 18 जुलाई को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर अस्पताल के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गंगाराम ने जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएमओ के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गौराबादशाहपुर के अधीक्षक डॉ. श्रवण कुमार यादव द्वारा गठित टीम ने डॉ. रमेश चंद्र के नेतृत्व में अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल में दो मरीज भर्ती मिले, जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। वहीं टीम के पहुंचते ही अस्पताल के कर्मचारी मौके से फरार हो गए और अस्पताल के नाम पर पंजीकृत चिकित्सक भी उपस्थित नहीं मिले।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई अनियमितताएं पाए जाने पर पुलिस की मौजूदगी में शाहीना अस्पताल को सील कर दिया गया। साथ ही अस्पताल संचालकों को सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान डॉ. श्वेता यादव, अभयानंद मौर्य तथा गौराबादशाहपुर थाना पुलिस की टीम भी मौजूद रही। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों एवं संस्थानों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
Post a Comment