10 महीने से फरार कार चोर गुजरात से गिरफ्तार, चलती ट्रेन में दबोचा गया; मुंबई समेत 4 राज्यों के चोरी के मामले उजागर





मुंबई के कफ परेड पुलिस थाना की टीम ने कार चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले 10 महीनों से फरार चल रहे आरोपी को गुजरात से दिल्ली भागते समय चलती ट्रेन में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मुंबई, गुजरात, राजस्थान और दिल्ली में कार चोरी के कुल चार मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता विपुल जयराज कापड़िया (51 वर्ष) ने अपनी मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर (MH-01-DE-7395) कार कफ परेड क्षेत्र में पार्क की थी। अज्ञात व्यक्ति द्वारा कार चोरी किए जाने पर कफ परेड पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक प्रशांत नेरकर को सौंपी गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी लगातार अपना मोबाइल नंबर और लोकेशन बदल रहा था, जिससे उसकी तलाश में कठिनाई आ रही थी। इसके बाद पुलिस टीम गुजरात पहुंची और लगातार पांच दिनों तक तकनीकी विश्लेषण, मुखबिरों से मिली सूचना तथा अन्य खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी।पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अहमदाबाद (गुजरात) से ट्रेन के जरिए दिल्ली भागने की कोशिश कर रहा है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन में ही आरोपी को दबोच लिया और गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय जयंती ठाकुर (31 वर्ष) निवासी वडनगर, जिला मेहसाणा, गुजरात के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने गुजरात, राजस्थान और दिल्ली में भी कार चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार, उसकी गिरफ्तारी से चार राज्यों से जुड़े कुल चार वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
यह कार्रवाई दक्षिण क्षेत्र-1 के पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त (कुलाबा विभाग), वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनोद गायकवाड़ तथा पुलिस निरीक्षक (अपराध) अनंत शिंदे के मार्गदर्शन में की गई।
इस अभियान में पुलिस उपनिरीक्षक प्रशांत नेरकर, हेड कांस्टेबल फड, पाटील, खामकर तथा पुलिस कांस्टेबल काकडे, वाजे, जाधव और पाथरूड ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तकनीकी सहायता हेड कांस्टेबल पाटील ने प्रदान की।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य राज्यों में हुई वाहन चोरी की वारदातों की भी जांच कर रही है।


 संवाददाता जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post