पत्रकार अंजनी राय
लालगंज आजमगढ़। माननीय उच्च न्यायालय प्रयागराज द्वारा अधिवक्ताओं से संबंधित हालिया आदेश के विरोध में बुधवार को लालगंज तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने संघ भवन के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने आदेश की कड़ी निंदा करते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नगेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में अधिवक्ताओं ने कहा कि सात वर्ष या उससे अधिक सजा वाले मामलों में नामजद अधिवक्ताओं का पंजीकरण निलंबित करने तथा उनके मुकदमों को 100 किलोमीटर दूर स्थित न्यायालय में स्थानांतरित किए जाने संबंधी आदेश अधिवक्ता समाज के हितों के विपरीत है।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने उच्च न्यायालय से आदेश पर पुनर्विचार करते हुए उसे तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो अधिवक्ता व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक व्यवस्था की होगी।
इस अवसर पर अमरनाथ यादव, धर्मेश पाठक, प्रसिद्ध नारायण सिंह, अशोक कुमार अस्थाना, इंद्र भानु चौबे, सुनीश कुमार श्रीवास्तव, देवधारी राय, रामस्वारथ, संतोष कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह, कृष्ण कुमार सेठ सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
Post a Comment