संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़। निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक आलमबदी आज़मी का बुधवार देर रात आजमगढ़ शहर के कुर्मी टोला स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे। पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका लखनऊ में भी उपचार कराया गया था। स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार न होने पर उन्हें घर भेज दिया गया था, जहां बुधवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
विधायक के निधन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया। गुरुवार सुबह से ही श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लगा रहा। लोगों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।
दिवंगत विधायक आलमबदी आज़मी का अंतिम संस्कार पूरे राजनैतिक एवं सामाजिक सम्मान के साथ संपन्न हुआ। उनके निधन से निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जनपद आजमगढ़ में शोक की लहर व्याप्त है। विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनके निधन को जनपद की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
आलमबदी आज़मी का राजनीतिक जीवन अत्यंत लंबा और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा। वह कुल पांच बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए निजामाबाद सीट से विधायक निर्वाचित हुए। उन्होंने पहली बार वर्ष 1996 में जीत दर्ज की, इसके बाद 2002 में पुनः विधायक बने। वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में लगातार तीन बार विजय प्राप्त कर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।
जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और आम जनता से अपने सरल एवं सहज व्यवहार के कारण विशेष पहचान बनाई। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में एक ऐसा रिक्त स्थान उत्पन्न हुआ है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं मानी जा रही है।
Post a Comment