संवाददाता अमित तिवारी
आजमगढ़ मुबारकपुर थाना पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर उसके दुरुपयोग के मामले में नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के एक आउटसोर्स कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कथित रूप से अधिशासी अधिकारी और जन्म पंजीकरण अधिकारी के फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर जन्म प्रमाण पत्र तैयार किया था।
पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई 2026 को नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के जन्म/मृत्यु प्रभारी रणविजय सिंह की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि वार्ड नंबर-9 अमिलो के सभासद कासिफ मसूद की शिकायत पर जांच की गई, जिसमें मोहम्मद सैफ के नाम से जारी जन्म प्रमाण पत्र पूरी तरह फर्जी और कूटरचित पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि यह प्रमाण पत्र नगर पालिका द्वारा जारी नहीं किया गया था और उस पर कर्मचारियों के फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर लगाए गए थे।
विवेचना के दौरान पुलिस ने ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस का दावा है कि सऊदी अरब में रह रहे मोहम्मद नईम ने अपने पुत्र का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अपने भतीजे अब्दुल करीम को जिम्मेदारी दी थी। इसके बाद अब्दुल करीम ने नगर पालिका के आउटसोर्स कर्मचारी खुर्शीद से संपर्क किया। आरोप है कि खुर्शीद ने आवश्यक दस्तावेज और रुपये लेकर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर दिया। बाद में जांच में प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया।
पुलिस के अनुसार वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग में भी आरोपी द्वारा फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करने की बात स्वीकार किए जाने के संकेत मिले हैं। इसी आधार पर मंगलवार को रोडवेज तिराहा, मुबारकपुर से आरोपी खुर्शीद पुत्र जफर अहमद (37 वर्ष), निवासी पूरारानी, थाना मुबारकपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसने पैसों के लालच में आकर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार किया। हालांकि उसने यह भी कहा कि वह अपना पक्ष न्यायालय में अपने अधिवक्ता के माध्यम से रखेगा।
इस मामले में थाना मुबारकपुर पर मु0अ0सं0 258/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
Post a Comment