शाहजहाँपुर मिर्जापुर थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा गया है।
#पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार सुबह करीब 5:05 बजे ग्राम बहरिया स्थित सरकारी स्कूल मोड़ पर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शादाब पुत्र शमशाद, शवाब पुत्र शमशाद (दोनों निवासी ग्राम बहरिया) तथा शिवम पुत्र जितेंद्र यादव (निवासी ग्राम भरतापुर), थाना मिर्जापुर, जनपद शाहजहाँपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कलान क्षेत्र के एक व्यक्ति से कम कीमत पर चोरी की बाइक खरीदते थे, उनकी मरम्मत कर नंबर प्लेट बदल देते थे और फिर अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाते थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की मोटरसाइकिलों के स्रोत की तलाश में जुटी है।
थाना मिर्जापुर में आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों का भी पता लगा रही है।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment