संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के लपसीपुर स्थित मां लालती देवी शिक्षा निकेतन की स्कूल जीप मंगलवार सुबह बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। विभिन्न गांवों से छात्रों को लेकर भुजही से दौलताबाद की ओर जा रही जीप महाबलपुर-भुजही मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय वाहन में लगभग 15 बच्चे सवार थे।
दुर्घटना में धर्मपुर निवासी धर्मवीर के पुत्र आदित्य घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज, चक्रपानपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके हाथ में फ्रैक्चर तथा कंधे के पास चोट की पुष्टि की। राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार अन्य सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
हादसे के बाद विद्यालय के संचालन और छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, मां लालती देवी शिक्षा निकेतन बिना मान्यता के संचालित होने के आरोपों के घेरे में है। वर्ष 2025 में तत्कालीन खंड शिक्षा अधिकारी नवनीत कुमार चौबे ने कई बार विद्यालय का निरीक्षण किया था। बिना मान्यता संचालन पाए जाने पर विद्यालय में ताला भी बंद कराया गया था। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने 15 सितंबर 2025 को विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई और जुर्माने की प्रक्रिया भी शुरू की थी।
आरोप है कि प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद विद्यालय का संचालन लगातार जारी रहा। साथ ही बच्चों के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन भी निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं हैं, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को भी खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान बच्चों की छुट्टी कराकर विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी की गई थी। इसके अगले ही दिन स्कूल वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
घटना के बाद अभिभावकों में आक्रोश है। अब सभी की निगाहें शिक्षा विभाग और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती, तो इस तरह की दुर्घटना से बचा जा सकता था।
Post a Comment