पहली ही बारिश में डूबा नगर निगम कार्यालय, जलभराव ने खोली व्यवस्थाओं की पोल




शाहजहांपुर। शहर में हुई थोड़ी सी बारिश ने ही नगर निगम कार्यालय की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए। नगर निगम परिसर में बारिश का पानी भर जाने से पूरे कार्यालय परिसर में जलभराव की स्थिति बन गई। कार्यालय में आने वाले कर्मचारियों और फरियादियों को पानी के बीच होकर गुजरना पड़ा।
नगर निगम, जो पूरे शहर की जल निकासी और सफाई व्यवस्था का जिम्मेदार है, उसके अपने कार्यालय परिसर में ही पानी भर जाने से लोगों में चर्चा का विषय बन गया। परिसर में खड़े दोपहिया वाहन भी पानी से घिरे दिखाई दिए, जबकि मुख्य प्रवेश मार्ग पर भी जलभराव के कारण आवाजाही प्रभावित रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब हल्की बारिश में ही नगर निगम कार्यालय का यह हाल है, तो लगातार होने वाली मानसूनी बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि नगर निगम अपने ही परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं कर पा रहा है, तो शहर के अन्य क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान कैसे होगा?
फिलहाल नगर निगम की ओर से जलभराव को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आने वाले दिनों में यदि बारिश का सिलसिला जारी रहता है, तो नगर निगम परिसर में जलभराव की समस्या और बढ़ने की आशंका है।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post